ओरी ने सारा अली खान को बताया फर्जी दोस्त, अनफॉलो करने और झगड़े की बताई ये वजह
सोशल मीडिया स्टार ओरी ने सारा अली खान के साथ अपनी दोस्ती टूटने की वजह बताई है। उन्होंने सारा को 'फेक फ्रेंड' कहा है।
बॉलीवुड गलियारों में ओरी यानी ओरहान अवात्रामणि अपने बयानों और हस्तियों के साथ दोस्ती को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में ओरी ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट पर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अभिनेत्री सारा अली खान के साथ अपनी टूटी हुई दोस्ती और झगड़े को लेकर खुलकर बात की।
सारा अली खान को बताया फेक फ्रेंड
शो के दौरान जब नेहा धूपिया ने ओरी से पूछा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर किस सबसे मशहूर शख्स को अनफॉलो किया है, तो उन्होंने तुरंत सारा अली खान का नाम लिया। ओरी ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें बहुत डांटा था, जिसके बाद उन्होंने भी सारा को अनफॉलो कर दिया। ओरी ने आगे कहा कि वह और सारा बचपन के दोस्त थे और कॉलेज के समय से एक-दूसरे के साथ थे।
मुश्किल वक्त में साथ न देने का लगाया आरोप
ओरी ने दावा किया कि जब सारा की जिंदगी में बड़ी मुश्किलें आईं थीं, तब उन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया था और उनके परिवार का ख्याल रखा था। लेकिन जब ओरी के जीवन में बुरा दौर आया, तब सारा ने एक बार भी फोन करके उनका हाल नहीं पूछा। ओरी ने कहा कि अगर अब वह सारा के साथ दोस्ती का दिखावा करते हैं, तो इसका मतलब होगा कि उन्होंने जो कुछ किया वह सब सही था, जो कि बिल्कुल ठीक नहीं है।