पवन सिंह पर पत्नी ज्योति सिंह के भरण-पोषण मामले में UP कोर्ट ने लगाया 3 हजार का जुर्माना
भोजपुरी एक्टर पवन सिंह पर यूपी कोर्ट ने सुनवाई में पेश न होने पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
भोजपुरी अभिनेता और बिहार से बीजेपी एमएलसी पवन सिंह एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। पत्नी ज्योति सिंह द्वारा दायर किए गए भरण-पोषण के मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश न होने पर एक फैमिली कोर्ट ने उन पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
कोर्ट में पेश नहीं हो पाए पवन सिंह
उनके वकील हरिवंश सिंह ने जानकारी दी कि यह सुनवाई अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश कमलापति प्रजापति की अदालत में होनी थी। वकील के अनुसार, पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी की तबीयत खराब होने के कारण वह अदालत में पेश नहीं हो सके। उनकी ओर से डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट और मध्यस्थता के लिए एक आवेदन अदालत में जमा किया गया था।
अगली सुनवाई बारह नवंबर को
अदालत ने स्थिति को देखते हुए तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है और मामले की अगली सुनवाई के लिए बारह नवंबर की तारीख तय की है। इस मामले में ज्योति सिंह अपने वकील के साथ अदालत में मौजूद थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्यप्रणाली से न्यायिक प्रक्रिया का मजाक उड़ाया जा रहा है।
चार साल पुराना है मामला
ज्योति सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह मामला चार साल पहले दायर किया गया था और अब सब्र की सीमा पार हो चुकी है। उन्होंने कोर्ट में २२ अप्रैल २०२२ को भरण-पोषण याचिका दायर की थी। दोनों की शादी ६ मार्च २०१८ को हुई थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और चुनाव के दौरान की घटनाओं को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिस पर कानूनी कार्यवाही जारी है।