Ramayana Box Office: रणबीर कपूर और यश की फिल्म ने एडवांस बुकिंग में कमाए 75 करोड़
नितेश तिवारी की फिल्म रामायण ने रिलीज से पहले ही दुनियाभर में 75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म 'रामायण – राइज ऑफ ए लीजेंड' सिनेमाघरों में रिलीज होने में अब तीन दिन से भी कम का समय बचा है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण के किरदार में नजर आने वाले हैं, जिनकी टक्कर देखने के लिए फैंस बेताब हैं। एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बनाने जा रही है।
भारत में बिकी नौ लाख से ज्यादा टिकटें
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'रामायण' ने भारत में एडवांस बुकिंग के दौरान करीब नौ लाख टिकट बेच लिए हैं। फिल्म ने अब तक एडवांस ग्रॉस कलेक्शन के जरिए 47.62 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है। ब्लॉक की गई सीटों को छोड़कर, भारत में फिल्म का शुद्ध एडवांस कलेक्शन 532 भारतीय शहरों के 36,211 शोज से 38.03 करोड़ रुपये रहा है। हिंदी बेल्ट के अलावा कन्नड़ और तेलुगु वर्जन में भी टिकटों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है।
वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन पहुंचा 75 करोड़
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस एपिक फिल्म ने विदेशी बाजारों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने ओवरसीज एडवांस बुकिंग से 3.9 मिलियन डॉलर की कमाई की है, जिसमें अकेले अमेरिका में पेड प्रीव्यू से डेढ़ मिलियन डॉलर से ज्यादा शामिल हैं। भारत और विदेशों के आंकड़ों को मिला दिया जाए, तो 'रामायण' का कुल वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन लगभग 75 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
नमित मल्होत्रा और यश द्वारा निर्मित यह दो-पार्ट की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल दशरथ के रोल में दिखेंगे। फिल्म का दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।