नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' इन दिनों काफी चर्चा में है। हाल ही में मेकर्स ने हैदराबाद में एक भव्य इवेंट का आयोजन किया था, जहां फिल्म से जुड़े कई बड़े खुलासे किए गए। इसी इवेंट के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डिस्ट्रीब्यूटर से हुई नाम की चूक
इवेंट के दौरान फिल्म के तेलुगु राज्यों के डिस्ट्रीब्यूटर दिल राजू मंच पर बोल रहे थे। उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर बात की। इसी बातचीत के दौरान जब वह रणबीर कपूर की तारीफ कर रहे थे, तो उनके मुंह से गलती से रणबीर की जगह रणवीर सिंह का नाम निकल गया।
तुरंत मांगी माफी
दिल राजू ने कहा कि हम सबने उनकी फिल्में देखी हैं, सबसे अच्छे एक्टर्स में से एक रणवीर सिंह गरु... और फिर उन्होंने तुरंत खुद को सुधारते हुए कहा, सॉरी, रणबीर कपूर गरु। इस छोटी सी गलती के बाद वहां मौजूद कैमरे का फोकस तुरंत रणबीर कपूर के चेहरे पर गया, जिन्होंने बिना कोई खास रिएक्शन दिए न्यूट्रल एक्सप्रेशन बनाए रखे।
फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी
यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला पार्ट इस साल दिवाली यानी 5 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा इसमें सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता जैसे कई जाने-माने कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
