बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हाल ही में हुई फायरिंग की घटना को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। घटना के बाद से टाइगर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं, लेकिन अब उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक्टर के हाथ पर जलने के निशान दिखाई दे रहे हैं।
टीम ने शेयर किया वीडियो
बीते दिन टाइगर श्रॉफ की आधिकारिक इंस्टाग्राम टीम ने एक वीडियो साझा किया। इस छोटे से क्लिप में टाइगर के हाथ पर कलाई से लेकर कंधे तक लाल निशान और छाले जैसे बर्न मार्क्स नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो में कोई बैकग्राउंड कमेंट्री नहीं है, लेकिन कैप्शन में केवल 'God is kind' लिखा गया है।
गनपाउडर से जलने की आशंका
इस वीडियो के सामने आने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ये निशान 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना के दौरान गनपाउडर के संपर्क में आने से बने हैं। गौरतलब है कि इससे पहले टाइगर की बैंडेज लगी हुई तस्वीरें भी इंटरनेट पर वायरल हुई थीं।
परिवार और फैंस की प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर एक्टर जैकी श्रॉफ ने हाथ जोड़ने, टाइगर और पौधे वाले इमोजी के साथ रिएक्ट किया है। वहीं आयशा श्रॉफ ने भी कमेंट में हाथ जोड़ने, दिल और नजर बट्टू वाले इमोजी शेयर किए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार चिंता जता रहे हैं और कह रहे हैं कि घटना के दौरान कांच टूटने और गनपाउडर के कारण एक्टर को चोटें आईं।
बता दें कि 18 अक्टूबर को जुहू के पुष्पा पार्क के पास फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन अज्ञात लोगों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी। इस घटना में टाइगर सुरक्षित रहे थे, लेकिन उनका ड्राइवर घायल हो गया था।
