बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपनी फिल्मों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीतने वाले कार्तिक को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता को निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की अगली फिल्म के लिए मुख्य भूमिका में चुना गया है।
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'Operation Sindoor' में जुड़ सकता है नाम
सामने आई रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्तिक आर्यन विवेक अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म Operation Sindoor में लीड रोल निभाते नजर आ सकते हैं। यह फिल्म एक वास्तविक सैन्य अभियान पर आधारित है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कार्तिक अपनी फिल्म 'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग पूरी करने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे।
किताब पर आधारित है फिल्म की कहानी
यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस 'टाइनी' ढिल्लों की किताब 'Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan' पर आधारित होगी। फिल्म में उस सैन्य अभियान को दिखाया जाएगा जिसने उपमहाद्वीप की सुरक्षा को एक नई दिशा दी। हालांकि, अभी तक फिल्म के मेकर्स की तरफ से कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और अग्निहोत्री के बैनर 'आई एम बुद्ध प्रोडक्शंस' द्वारा किया जाएगा।
विवेक अग्निहोत्री का बयान
इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि यह कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद की स्थिति पर आधारित है और इसे भारतीय सशस्त्र बलों के साथ मिलकर की गई जमीनी रिसर्च के बाद तैयार किया गया है।
