बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान इन दिनों अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान नेपोटिज्म और फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि फिल्मी बैकग्राउंड होने की वजह से उन्हें आसानी से मौके मिले हैं, लेकिन इसके साथ ही उन्हें अपनी मेहनत साबित करने के लिए काफी संघर्ष भी करना पड़ा है।
फिल्म इंडस्ट्री में प्रिविलेज पर बोलीं सारा अली खान
सारा अली खान ने फिल्मफेयर के साथ बातचीत में कहा कि एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के कारण उन्हें पहचान और एक्सेस जरूर मिला है। उन्होंने कहा कि यह एक डबल एज्ड स्वॉर्ड यानी दोधारी तलवार की तरह है। सारा ने माना कि उन्हें वो डेब्यू मिला जिसके लिए लोग तरसते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें कई बार बहुत ऊंचे मानदंडों पर परखा जाता है।
पिता सैफ अली खान को लेकर कही यह बड़ी बात
एक्ट्रेस ने साफ किया कि उनके करियर को बनाने के लिए उनके पिता ने कभी किसी निर्माता या निर्देशक के सामने सिफारिश नहीं की। सारा ने कहा, मैं एक सिंगल मदर के साथ रहती हूं। मेरे पास ऐसा कोई पिता नहीं था जो ऑफिसों में जाकर मेरे कॉन्ट्रैक्ट्स पर बात करे और फिल्मों में काम मांगने के लिए लोगों के आगे हाथ फैलाए। जब मुझे फिल्म केदारनाथ के दौरान परेशानी हुई थी, तो मैंने उसे खुद ही सुलझाया था। इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं है।
