बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म रामायण को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18 में अपनी सह-कलाकारों के साथ नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और रोमांटिक किस्सा शेयर किया। रणबीर ने बताया कि उन्होंने किस तरह अफ्रीका के मसाई मारा जंगल में आलिया भट्ट को प्रपोज किया था।
जंगल में तीन शेरों के पास किया था प्रपोज
शो के दौरान रणबीर कपूर ने होस्ट अमिताभ बच्चन को बताया कि उन्होंने इस सरप्राइज के लिए पहले ही पूरी तैयारी कर ली थी। उन्होंने अपने गाइड और ड्राइवर को पैसे देकर पहले ही कह दिया था कि वे बीच जंगल में गाड़ी रोक दें। रणबीर अंगूठी साथ लेकर गए थे ताकि वे घुटनों पर बैठकर प्रपोज कर सकें और उनके साथी दूर से तस्वीरें खींच सकें। रणबीर ने हंसते हुए कहा कि लड़कियों को इंस्टाग्राम पर डालने के लिए फोटोग्राफ्स का बहुत शौक होता है।
मैं चूहा बनकर घुटनों पर बैठा था और सामने मेरी शेरनी थी
अपने इस यादगार पल को याद करते हुए रणबीर ने बताया कि उस वक्त माहौल काफी रोमांचक था। उन्होंने मजेदार अंदाज में कहा कि वहां से कुछ सौ मीटर की दूरी पर तीन बब्बर शेर मौजूद थे। उस खास पल को याद करते हुए एक्टर ने कहा कि तीन बब्बर शेर एक तरफ थे और मेरी शेरनी मेरे आगे खड़ी थी, जबकि मैं चूहा बनकर अपने घुटनों पर खड़ा होकर पूछ रहा था कि बेबी, विल यू मैरी मी?
साल 2022 में हुई थी शादी
आपको बता दें कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की लव स्टोरी फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों ने मसाई मारा की ट्रिप के दौरान सगाई की और 14 अप्रैल 2022 को मुंबई स्थित अपने घर वास्तु में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। इस कपल ने 6 नवंबर 2022 को अपनी बेटी राहा का स्वागत किया था।
